मिर्जापुर। लालगंज थाना क्षेत्र के बरौंधा बाजार स्थित एक सर्राफा दुकान में हुई करोड़ों रुपये के सोने-चांदी की चोरी का अब तक खुलासा नहीं होने पर पीड़ित व्यापारी ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। व्यापारी ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विशेष पुलिस टीम गठित करने की मांग की है।
पीड़ित पंकज सोनी के अनुसार, 6 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोर सीसीटीवी कैमरे की केबल काटकर दुकान का शटर तोड़ते हुए अंदर घुस गए। चोर दुकान से करीब 42 किलो चांदी के आभूषण, 900 ग्राम सोने के आभूषण तथा सीसीटीवी का डीवीआर अपने साथ ले गए। घटना के बाद लालगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया, लेकिन एक सप्ताह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पुलिस चोरी का खुलासा नहीं कर सकी है।
व्यापारी का आरोप है कि पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों से प्रभावी पूछताछ नहीं कर रही है। उनका कहना है कि घटनास्थल से बरामद एक मोबाइल फोन और फोरेंसिक जांच की रिपोर्ट को लेकर भी अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। इससे व्यापारी और उसके परिवार में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच के लिए संयुक्त पुलिस टीम गठित करने, चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद कराने तथा घटना का शीघ्र खुलासा सुनिश्चित करने की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।









