,

योगी आदित्यनाथ को जान से मारने और राम मंदिर उड़ाने की धमकी, यूपी पुलिस अलर्ट

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने और अयोध्या स्थित राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। यह धमकी यूपी 112 मुख्यालय की व्हाट्सऐप डेस्क पर भेजे गए एक मैसेज के जरिए दी गई।

मामले में यूपी 112 मुख्यालय के इंस्पेक्टर सहेंद्र यादव की तहरीर पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में मुकदमा दर्ज किया है। घटना की जानकारी एडीजी कानून व्यवस्था, एटीएस और सुरक्षा मुख्यालय को भी दे दी गई है।

इंस्पेक्टर सहेंद्र यादव के अनुसार यूपी 112 मुख्यालय, लखनऊ की सोशल मीडिया व्हाट्सऐप डेस्क पर एक मोबाइल नंबर से धमकी भरा संदेश भेजा गया था। संदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 24 घंटे के भीतर जान से मारने और अयोध्या राम मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी।

यह मैसेज यूपी 112 मुख्यालय में तैनात संवाद अधिकारी शारदा यादव ने शनिवार शाम करीब 5:16 बजे देखा। इसके बाद तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना दी गई और निर्देश मिलने पर मामला दर्ज कराया गया।

पुलिस को धमकी से जुड़े स्क्रीनशॉट और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी उपलब्ध करा दिए गए हैं। ऋषभ यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और धमकी भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!