अवैध हथियारों के साथ तीन युवक गिरफ्तार, राहगीरों से लूट की कथित साजिश का खुलासा

वाराणसी। बड़ागांव पुलिस ने सोमवार को चेकिंग के दौरान तीन युवकों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने असलहों के दम पर राहगीरों से बाइक, मोबाइल और नकदी लूटने की योजना की बात स्वीकार की है। आरोपियों के पास से दो अवैध हथियार, कारतूस और खोखा बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मदनपुर-बड़ागांव मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक होंडा साइन बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। संदेह होने पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।

तलाशी में मिले अवैध हथियार

पकड़े गए युवकों की पहचान रवि सिंह, शशि सिंह और आदर्श मिश्रा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान रवि सिंह के पास से .32 बोर की कथित अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। वहीं शशि सिंह के पास से .315 बोर का एक खोखा और एक जिंदा कारतूस मिला।

पुलिस के अनुसार, तीसरे आरोपी आदर्श मिश्रा के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया गया।

नंबर प्लेट पर लगा रखी थी मिट्टी

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने कथित तौर पर बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगा रखी थी, ताकि वाहन की पहचान आसानी से न हो सके। पुलिस के अनुसार, आरोपी राहगीरों को हथियार दिखाकर डराने और उनसे बाइक, मोबाइल फोन व रुपये लूटने की तैयारी में थे।

आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बरामद बाइक का मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत चालान किया गया है।

पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनके साथियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!