वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बर्थरा कला गांव में एक महिला ने अपने बेटे समेत तीन युवकों पर घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता संगीता सिंह के अनुसार, 25 जून को उनका पुत्र संज्ञान सिंह उर्फ गोलू अपने मित्र अंश चौबे (निवासी मुरीदपुर) और अमन सिंह (निवासी बर्थरा कला) के साथ घर पर भोजन करने आया था। आरोप है कि इसी दौरान तीनों ने मिलकर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी निकाल ली।
कुछ दिनों बाद जब परिवार के लोगों ने अलमारी खोली तो उसमें रखे कीमती गहने और नकदी गायब मिली। इसके बाद संदेह के आधार पर बेटे से पूछताछ की गई। पीड़िता का आरोप है कि पूछताछ के दौरान बेटे ने स्वीकार किया कि अलमारी से निकाले गए गहने और नकदी उसने अपने दोनों साथियों को दे दी थी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया। इसके बाद पीड़िता ने चौबेपुर थाने में लिखित तहरीर देकर तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
चौबेपुर थाने के उपनिरीक्षक राजेंद्र यादव ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की सत्यता की जांच में जुटी है।









