सिटी परमिट और बारकोड नियमों पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, 40 वाहन सीज

वाराणसी। शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सिटी परमिट और बारकोड नियमों का उल्लंघन करने पर 35 ऑटो रिक्शा और 5 ई-रिक्शा सहित कुल 40 वाहनों को सीज कर पुलिस लाइन भेज दिया गया।

यह कार्रवाई एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र के निर्देश पर लहुराबीर, अंधरापुल, कैंट, इंग्लिशिया लाइन, भोजूबीर, कचहरी, पांडेयपुर, पहड़िया और चौकाघाट सहित शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान की गई।

चेकिंग के दौरान बिना सिटी परमिट संचालित ऑटो रिक्शा और बारकोड नियमों का पालन न करने वाले वाहनों की जांच की गई। इसके अलावा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा, परमिट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया।

जांच में जिन वाहनों के दस्तावेज अधूरे मिले या जो निर्धारित नियमों के विपरीत संचालित पाए गए, उन्हें तत्काल सीज कर पुलिस लाइन भेज दिया गया। इसके अलावा कई वाहनों का चालान भी किया गया, जबकि कुछ चालकों को भविष्य में नियमों का पालन करने की चेतावनी देकर छोड़ा गया।

यातायात निरीक्षक अनुराग त्यागी ने बताया कि शहर में संचालित सभी ऑटो रिक्शा के लिए सिटी परमिट और बारकोड अनिवार्य है। इसका उद्देश्य अवैध रूप से संचालित वाहनों की पहचान करना और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!