दर्दनाक सड़क हादसा: डीसीएम की टक्कर से नवविवाहिता की मौत, पति गंभीर

रामपुर। जिले में शनिवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार नवविवाहिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना शाम करीब 7:30 बजे मुरसेना स्थित संकल्प स्कूल के पास हुई। पवन शर्मा अपनी पत्नी 22 वर्षीय खुशबू शर्मा के साथ बाइक से बादली टांडा जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खुशबू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पवन गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल पवन को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया।

थाना प्रभारी दयाशंकर ने बताया कि घटनास्थल से दोनों के हेलमेट बरामद हुए हैं, लेकिन हादसे के समय उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था। उनका कहना है कि यदि हेलमेट पहना गया होता तो जान बचने की संभावना अधिक हो सकती थी।

परिजनों ने बताया कि खुशबू शर्मा की शादी 2 नवंबर 2025 को पवन शर्मा से हुई थी। विवाह को अभी महज आठ महीने ही हुए थे। वह अपनी बीमार मां से मिलने के लिए पति के साथ मायके जा रही थीं, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गईं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। डीसीएम को जब्त कर फरार चालक की तलाश की जा रही है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!