वाराणसी। कोटवां गांव के मुस्लिमपुरा कस्बे में स्थित दान दीवान शाह बाबा का सालाना दो दिवसीय उर्स गुरुवार को धार्मिक माहौल में शुरू हुआ। उर्स के पहले दिन बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचे और बाबा की दरगाह पर हाजिरी लगाकर दुआ मांगी। आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
उर्स की शुरुआत तड़के करीब तीन बजे गुस्ल की रस्म के साथ हुई। इसके बाद दोपहर में कुरानख्वानी का आयोजन किया गया। शाम होते ही गागर और चादरपोशी का सिलसिला शुरू हो गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। देर रात तक दरगाह पर धार्मिक कार्यक्रम चलते रहे।
मेले में उमड़ी भीड़, बच्चों ने झूलों का उठाया आनंद
उर्स के साथ लगे मेले में भी लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। अलग-अलग जगहों पर झूले और चर्खियां लगाई गई थीं। बच्चों और महिलाओं ने मेले में खरीदारी के साथ मनोरंजन का आनंद लिया। खाद्य पदार्थों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ नजर आई।
दरगाह पर आने वाले अकीदतमंदों के बीच तबर्रुक भी वितरित किया गया। लोगों ने बाबा के आस्ताने पर मत्था टेककर नियाज-फातिहा अदा की।
देर रात तक चला धार्मिक जलसा
रात करीब 10 बजे जलसे का आयोजन शुरू हुआ। धार्मिक कार्यक्रम देर रात तक जारी रहा। उर्स के आयोजन और चादरपोशी की व्यवस्थाओं में मेला कमेटी से जुड़े रिजवान अहमद, यासीन अंसारी, अब्दुल हई, आजम, सेठ अकरम, डॉ. मोहम्मद तसलीम, बदरू, जमाल, बबलू और इख्तियार पहलवान समेत अन्य लोगों ने सहयोग किया।
पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
उर्स में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से विशेष सतर्कता बरती गई। लोहता थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय और कोटवां चौकी प्रभारी गौरव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मेला परिसर में मौजूद रहे।
महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों ने मेला क्षेत्र में निगरानी रखी और श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ सुरक्षा व्यवस्था को संभाला। पुलिस की मौजूदगी में उर्स का पहला दिन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।























Leave a Reply