मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के कंतीत मजार इलाके में दो दिन पहले एक युवक के साथ हुई बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोलू यादव नामक युवक की बाइक टक्कर को लेकर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बड़ी संख्या में युवकों ने गोलू यादव को घेर लिया और उसके साथ मारपीट की। पूरी घटना किसी व्यक्ति द्वारा मोबाइल में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई।
वीडियो सामने आते ही विंध्याचल पुलिस हरकत में आ गई और मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की और अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।









