जम्मू में सड़क हादसे में चंदौली के ग्राम प्रधान की मौत, मां वैष्णो देवी के दर्शन के बाद हादसे ने मचाया कोहराम

चंदौली। चहनिया ब्लॉक के बलुआ थाना क्षेत्र के मजिदहा गांव के ग्राम प्रधान राकेश यादव (38) की जम्मू में सड़क हादसे में मौत हो गई। वह मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जम्मू गए थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन शव लेने के लिए फ्लाइट से जम्मू रवाना हो गए हैं।

अज्ञात वाहन ने पीछे से मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, राकेश यादव पुत्र मानवोध यादव बीते 22 जुलाई को मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जम्मू गए थे। उनका वापसी का टिकट 13 अगस्त का था, लेकिन किसी काम के चलते उन्होंने जम्मू में ही रुकने का फैसला किया था।

बताया जा रहा है कि राकेश यादव किराए की स्कूटी से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने पीछे से उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

कागजात से हुई पहचान, पुलिस ने परिवार को दी सूचना

हादसे के बाद जम्मू की गांधीनगर पुलिस ने राकेश यादव के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान की। इसके बाद जम्मू पुलिस ने बलुआ थाना पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।

पुलिस से हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं मजिदहा गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों के अनुसार, राकेश यादव गांव के ग्राम प्रधान होने के साथ लोगों से जुड़े रहते थे।

परिवार में पत्नी, बेटी और बेटा

राकेश यादव का विवाह मुगलसराय के पास स्थित बरसतीया गांव निवासी शिखा यादव से हुआ था। उनके परिवार में 12 वर्षीय बेटी गुड़िया यादव है, जो कक्षा आठ की छात्रा है। वहीं उनका 8 वर्षीय बेटा मंगल यादव बी एंड बी इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा पांच में पढ़ता है।

राकेश अपने तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दूसरे भाई अरविंद यादव रेलवे में कार्यरत हैं, जबकि छोटे भाई मनोज यादव घर पर रहकर कंस्ट्रक्शन का व्यवसाय करते हैं।

ग्राम प्रधान राकेश यादव की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं उनकी असमय मौत से पूरे मजिदहा गांव में शोक की लहर है।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!