चंदौली। उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में रविवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने यात्रियों में दहशत फैला दी। डीडीयू-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन के जनरल कोच में अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी चलती ट्रेन से शव नीचे फेंककर फरार हो गए।
घटना कुछमन स्टेशन के आगे इब्राहिमपुर और दरियापुर गांव के बीच की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेन के डिब्बे में पहले कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और अचानक गोली चलने की तेज आवाज गूंज उठी। गोली युवक के सिर में बेहद करीब से मारी गई, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद कोच में अफरा-तफरी मच गई। यात्री जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने बिना देर किए युवक के शव को चलती ट्रेन से नीचे फेंक दिया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी पिट्ठू बैग लेकर काफी देर से ट्रेन में सवार थे। सकलडीहा स्टेशन के पास ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही दोनों कूदकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल रूम को अलर्ट किया गया। मुगलसराय जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चंदौली, अलीनगर और सकलडीहा थाना पुलिस के साथ जीआरपी की कई टीमें जांच में जुट गई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और यात्रियों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।









