आजमगढ़। Uttar Pradesh Police के गंभीरपुर थाना क्षेत्र स्थित बिंद्रा बाजार में मामूली कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना में सूरज हलवाई नामक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने दूसरे पक्ष पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार किसी बात को लेकर सूरज हलवाई और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने सूरज की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल सूरज को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। क्षेत्र में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









