जमीनी विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश

वाराणसी। सिंधोरा थाना क्षेत्र के मझांवा गांव में गुरुवार रात जमीनी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पट्टीदार पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान एक युवक को गोली मार दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, रात करीब नौ बजे सौरभ सिंह पुत्र सर्वेश सिंह तथा दूसरे पक्ष के प्रशांत सिंह, रिशु सिंह और बबलू सिंह के बीच जमीन को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि दूसरे पक्ष की ओर से सौरभ सिंह पर गोली चला दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में सौरभ सिंह को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन तथा सहायक पुलिस आयुक्त पिंडरा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जानकारी लेकर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!