रायगढ़। चक्रधरनगर थाना क्षेत्र से करीब दो महीने पहले लापता हुई 14 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में किशोरी को कथित रूप से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के आरोप में 23 वर्षीय साहिल एक्का को ओडिशा के झारसुगुड़ा से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो (POCSO) अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 30 मई को किशोरी घर से दवा लेने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। अगले दिन परिजनों की शिकायत पर चक्रधरनगर थाने में अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर लगातार तलाश अभियान चलाया।
जांच के दौरान 11 जून को पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर जूटमिल क्षेत्र के पास से किशोरी को सकुशल बरामद किया। नियमानुसार उसका बयान दर्ज कराया गया तथा बाल कल्याण समिति के माध्यम से काउंसलिंग कराई गई। पुलिस के मुताबिक, किशोरी ने अपने बयान में किसी प्रकार के यौन उत्पीड़न से इनकार किया। हालांकि, पीड़िता के नाबालिग होने के कारण मामले में पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।
मुख्य आरोपी साहिल एक्का घटना के बाद फरार चल रहा था। 30 जुलाई को सूचना मिली कि वह झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन के आसपास मौजूद है। इसके बाद चक्रधरनगर पुलिस की टीम ने ओडिशा पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना चक्रधरनगर के सब-इंस्पेक्टर दिनेश मिंज, हवलदार संजय तिवारी और आरक्षक दिलीप भानू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिगों को बहला-फुसलाकर ले जाने या उनके विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।













