वाराणसी। कमिश्नरेट पुलिस ने चौक थाना क्षेत्र में हुए 27 किलो से अधिक चांदी लूटकांड का सफल खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के बाद दो अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जबकि एसओजी प्रभारी भी घायल हुए। सभी घायलों को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौक थाना पुलिस, एसओजी और लंका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 4 अगस्त की देर रात लौटूबीर पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके से गिरफ्तार कर लिए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अली उर्फ शाबिर हसन (55 वर्ष) और माशाअल्लाह (40 वर्ष), निवासी मध्य प्रदेश, के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई चार किलोग्राम चांदी की चार बटिया, 15,020 रुपये नकद, दो अवैध .315 बोर तमंचे, चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े हैं। इनके खिलाफ उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
गौरतलब है कि 17 जुलाई को चौक थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा मोड़ के पास हेमा ज्वेलर्स के कर्मचारी करीब 27 किलो 327 ग्राम चांदी की 26 बटिया लेकर महालक्ष्मी ज्वेलर्स जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने कर्मचारियों को निशाना बनाकर पूरी खेप लूट ली थी। घटना के बाद चौक थाने में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोचा गया। अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और लूटी गई शेष चांदी की बरामदगी के लिए अभियान जारी है।
इस कार्रवाई में चौक थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप कुमार मिश्रा, एसओजी प्रभारी गौरव कुमार सिंह, लंका थाना प्रभारी राजकुमार सहित एसओजी, चौक और लंका थाना पुलिस की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













