वाराणसी। नए साल के जश्न से ठीक पहले काशीवासियों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ेगा। भदैनी पंप हाउस पर प्रस्तावित तकनीकी कार्य के चलते रविवार शाम से लेकर सोमवार तक शहर की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित रहेगी। इस दौरान अधिकांश इलाकों में पानी नहीं मिलेगा, हालांकि वरुणापार क्षेत्र में जलापूर्ति सामान्य रहेगी।
जलकल विभाग के सचिव विश्वनाथ ने बताया कि भदैनी पंप हाउस में एआरवी (ऑटोमैटिक रिलीज वाल्व) और फ्लोर मीटर लगाए जाने का कार्य किया जाना है। इस तकनीकी उन्नयन को लेकर कई चरणों में बैठकें हुईं, जिसके बाद 28 और 29 दिसंबर को मेगा ब्लॉक देने का निर्णय लिया गया। इस दौरान शहर के बड़े हिस्से में जलापूर्ति ठप रहेगी।
रविवार शाम से सोमवार तक पानी न मिलने के कारण आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। नए साल की तैयारियों के बीच जल संकट की आशंका को देखते हुए जलकल विभाग ने लोगों से पहले से पानी का भंडारण करने की अपील की है।
जीएम जलकल अनूप कुमार सिंह ने बताया कि रविवार सुबह जब पानी की आपूर्ति होगी, उसी समय पर्याप्त मात्रा में जल संग्रह कर लें, क्योंकि रविवार शाम से सोमवार सुबह तक सप्लाई पूरी तरह बंद रहेगी। विभाग की कोशिश रहेगी कि तकनीकी कार्य तय समय से पहले पूरा कर लिया जाए, ताकि जल्द से जल्द पेयजल आपूर्ति बहाल की जा सके।
भदैनी घाट पर स्थित भदैनी पंप हाउस वाराणसी का एक प्रमुख जलापूर्ति केंद्र है। इसकी स्थापना वर्ष 1907 में की गई थी। यह पंप हाउस गंगा नदी से पानी लेकर पूरे शहर को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराता है। समय-समय पर यहां तकनीकी उन्नयन किया जाता रहा है, जिसमें 28 केएलडी क्षमता वाले नए पंप भी पहले लगाए जा चुके हैं।









