वाराणसी। नववर्ष 2026 के अवसर पर शहर में उमड़ने वाली भीड़ और श्रद्धालुओं की आवाजाही को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने व्यापक यातायात डायवर्जन योजना लागू करने की घोषणा की है। यह व्यवस्था 29 दिसंबर 2025 से 5 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगी। योजना का उद्देश्य शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
यातायात पुलिस के अनुसार, भीड़भाड़ वाले प्रमुख क्षेत्रों में बड़े चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। अमर उजाला, लहुराबीर, मैदागिन, विशेश्वरगंज और गोलगड्डा क्षेत्रों में आर्मेनिया, टेम्पो ट्रैवलर सहित बड़े वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित किया गया है। इसी तरह ब्रॉडवे तिराहा, अग्रवाल तिराहा, सोनारपुरा और गोदौलिया की ओर भी ऐसे वाहनों की आवाजाही नहीं होगी।
भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। काशी विश्वनाथ मार्ग की ओर जाने वाले चार पहिया वाहनों को अमर उजाला से लहुराबीर के बजाय लकड़मंडी–तेलियाबाग मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। गोलगड्डा से विशेश्वरगंज जाने वाले वाहन राजघाट की ओर भेजे जाएंगे, जबकि विशेश्वरगंज से मैदागिन जाने वाले वाहनों को गोलगड्डा की दिशा में मोड़ा जाएगा। भेलूपुर से सोनारपुरा जाने वाले वाहन ब्रॉडवे की ओर तथा ब्रॉडवे से अग्रवाल तिराहा जाने वाले वाहन रविंद्रपुरी की ओर डायवर्ट रहेंगे।
अस्सी और रविदास घाट क्षेत्र के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहा से अस्सी जाने वाले वाहन रविदास गेट की ओर, नगवा चौराहे से रविदास व अस्सी घाट जाने वाले वाहन ट्रॉमा सेंटर की ओर और पद्मश्री चौराहे से अस्सी जाने वाले वाहन रविंद्रपुरी की ओर भेजे जाएंगे। वहीं नमो घाट की ओर जाने वाले वाहनों के लिए शूजाबाद से राजघाट आने वाले चार और तीन पहिया वाहन पड़ाव रामनगर की ओर तथा गोलगड्डा तिराहा से नमो घाट जाने वाले वाहन लकड़मंडी की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्र ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की असुविधा या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम नंबर 7839856994 और ट्रैफिक हेल्पलाइन 7317202020 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था नववर्ष के दौरान शहर में सुचारु यातायात संचालन और जनसुरक्षा को ध्यान में रखकर लागू की गई है। नागरिकों और पर्यटकों से अपेक्षा की गई है कि वे संयम और सहयोग के साथ नियमों का पालन करें।













