सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को महज 30 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 30 दिसंबर को 17 वर्षीय पीड़िता के साथ उसके ही कार्यस्थल से जुड़े युवक पप्पू उर्फ बिंदू यादव और उसके दो साथियों ने भलुआ टोला के पास पहाड़ी इलाके में दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। पीड़िता की शिकायत पर 2 जनवरी को ओबरा थाने में पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद मिशन शक्ति टीम ने पीड़िता को तत्काल सुरक्षा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर थाना प्रभारी विजय कुमार चौरसिया के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। 3 और 4 जनवरी की मध्यरात्रि को पुलिस ने बिल्ली मारकुंडी खदान क्षेत्र में घेराबंदी कर पप्पू उर्फ बिंदू यादव (30 वर्ष) और अर्जुन डोम (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान तीसरे आरोपी करन डोम (28 वर्ष) ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घायल आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई। इस संबंध में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी विष्णु प्रभा सिंह सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में विधिक प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है और पीड़िता को हर स्तर पर न्याय दिलाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।









