देवरिया। जिला मुख्यालय के गोरखपुर ओवरब्रिज के समीप स्थित हजरत शहीद सैय्यद अब्दुल गनी शाह बाबा की मजार पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला मौजूद है, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ASDM कोर्ट द्वारा मजार को अवैध अतिक्रमण घोषित किए जाने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। कोर्ट के आदेश के अनुपालन में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तीन बुलडोजर लगाकर मजार को गिराने का कार्य शुरू कराया है।
कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति न बने, इसके लिए कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ-साथ राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर तैनात हैं। पूरा इलाका छावनी में तब्दील नजर आ रहा है और हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन का लक्ष्य है कि मजार को कल सुबह तक पूरी तरह ध्वस्त कर दिया जाए। इस कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चा तेज है, वहीं प्रशासन स्पष्ट कर चुका है कि यह कदम पूरी तरह न्यायालय के आदेश और नियमों के तहत उठाया जा रहा है।









