गाजीपुर। जिले के लोगों को रेलवे क्रॉसिंगों पर लगने वाले लंबे जाम और दुर्घटना के खतरे से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत द्वारा संसद में उठाई गई मांग के बाद रेल मंत्रालय ने जिले के कई प्रमुख रेलवे फाटकों पर रोड ओवरब्रिज (आरओबी) और अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया तेज कर दी है।
बताया गया कि 18 दिसंबर 2025 को राज्यसभा के शून्यकाल में सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने जमानिया, दिलदारनगर, भदौरा, महाराजगंज, सहेड़ी, फुल्लनपुर और सैदपुर जैसे व्यस्त रेलवे क्रॉसिंगों पर रोजाना लगने वाले जाम, समय की बर्बादी और बढ़ते सड़क हादसों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने इन स्थानों पर जल्द से जल्द ओवरब्रिज या अंडरपास बनाने की मांग की थी। इस पर रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने पत्र के माध्यम से जानकारी दी कि जांच के बाद कई स्थानों पर निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ा दी गई है।
रेल मंत्रालय के अनुसार भदौरा रेलवे क्रॉसिंग पर लगभग 57.66 करोड़ रुपये की लागत से रोड ओवरब्रिज के निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है और इसके लिए मिट्टी परीक्षण का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। वहीं जमानिया में निर्माण से जुड़ी औपचारिकताएं तेजी से पूरी की जा रही हैं, जबकि दिलदारनगर में भी प्रक्रिया जारी है और जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।
इसी तरह महाराजगंज में रेलवे, सेतु निगम और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम द्वारा साइट निरीक्षण किया गया है। सहेड़ी में व्यवहार्यता अध्ययन किया जा रहा है, जबकि फुल्लनपुर और सैदपुर में भी ओवरब्रिज या अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है।
सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने कहा कि इन रेलवे फाटकों पर रोज हजारों वाहन, छात्र और किसान घंटों जाम में फंसते हैं, जिससे समय की बर्बादी के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। उन्होंने कहा कि संसद में यह मुद्दा उठाने का उद्देश्य आम लोगों की परेशानी को दूर करना था और रेल मंत्रालय की तेजी से चल रही कार्रवाई से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने भी सांसद की इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि ओवरब्रिज बनने से जाम की समस्या खत्म होगी और जिले में यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम हो सकेगा। यह परियोजना गाजीपुर के विकास और दैनिक जीवन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।













