वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र के जगतपुर स्थित स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बाबू शिवनाथ सिंह की पुण्यतिथि और भगत सिंह के शहादत दिवस पर व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने देश की आजादी में सेनानियों के योगदान को याद करते हुए युवाओं को उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनिरुद्ध नारायण सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में हंसराज विश्वकर्मा शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. हरेंद्र कुमार राय और मनीष सिंह मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान बाबू शिवनाथ सिंह और स्वर्गीय योगेंद्र नारायण सिंह के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य अतिथि हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज देश विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
वहीं डॉ. हरेंद्र कुमार राय ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत अहम होती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत प्रबंधक रामसागर सिंह और प्राचार्य प्रो. अनिल प्रताप सिंह ने किया। संचालन विनय शर्मा ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. निलय कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया।









