वाराणसी। मंडुवाडीह क्षेत्र के लहरतारा इलाके में मंगलवार को एक मकान की दीवार/छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत राहत कार्य शुरू किया गया। लोगों ने मलबा हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने जांच के बाद लक्ष्मी साहनी और छोटू साहनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गिरजा देवी (65 वर्ष) और मनु साहनी (35 वर्ष) का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। नीतू के नेतृत्व में थाना प्रभारी अजय राय वर्मा और चौकी इंचार्ज राहुल सिंह पुलिस बल के साथ राहत-बचाव कार्य में जुट गए। साथ ही नगर निगम की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और यह सुनिश्चित किया कि कोई अन्य व्यक्ति उसके नीचे दबा न रह गया हो।
फिलहाल, दीवार गिरने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।









