चंदौली। मुगलसराय पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जुआ सिंडिकेट पर बड़ा शिकंजा कसा है। सेमरा गांव में छापेमारी कर 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि सरगना समेत कुल 20 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि छापेमारी मग्गू पटेल के घर और बगीचे में की गई, जहां जुआ खेला जा रहा था। मौके से 1,17,220 रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन, 208 ताश के पत्ते, 52 मोटरसाइकिल, 4 खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
कार्रवाई के दौरान सामने आया कि गिरोह का संचालन सुनील यादव उर्फ देवता प्रधान द्वारा किया जा रहा था। पुलिस ने उसके सहित कुल 20 लोगों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे लगातार स्थान बदलकर जुआ खेलते थे और मोबाइल फोन के जरिए पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखते थे, ताकि कार्रवाई से बचा जा सके।
इस कार्रवाई में वाराणसी और मिर्जापुर समेत आसपास के क्षेत्रों के कई लोग शामिल पाए गए। पुलिस का कहना है कि पूरे सिंडिकेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।









