वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 और 29 अप्रैल को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान 29 अप्रैल को काशी की सड़कों पर अब तक का सबसे लंबा और भव्य रोड शो आयोजित होगा, जो करीब 14 किलोमीटर लंबा होगा।
यह ऐतिहासिक रोड शो बीएलडब्ल्यू से प्रारंभ होकर लहरतारा, पुलिस लाइन, चौकाघाट, लहुराबीर और मैदागिन मार्ग से गुजरते हुए काशी विश्वनाथ धाम पर समाप्त होगा। प्रधानमंत्री यहां बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन भी करेंगे।
भारतीय जनता पार्टी इस कार्यक्रम को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियों में जुटी है। रोड शो के दौरान पांच प्रमुख स्थानों पर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा। विशेष रूप से इन स्वागत स्थलों की जिम्मेदारी महिला कार्यकर्ताओं को सौंपे जाने की योजना है, जिससे महिला सहभागिता को प्रमुखता दी जा सके।
28 अप्रैल को प्रधानमंत्री शाम लगभग 4 बजे वाराणसी पहुंचेंगे। आगमन के बाद वे बरेका ग्राउंड में आयोजित विशेष कार्यक्रम में लगभग 40 हजार महिलाओं से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर लगातार रणनीतिक बैठकें जारी हैं। प्रधानमंत्री के रात्रि विश्राम की व्यवस्था बरेका गेस्ट हाउस में प्रस्तावित है।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि 29 अप्रैल को ही पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान भी होना है। ऐसे में काशी का यह रोड शो राष्ट्रीय राजनीति में भी विशेष संदेश देने वाला माना जा रहा है।
प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां और पार्टी संगठन पूरी तरह सक्रिय हैं, जबकि काशीवासियों में भी इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह चरम पर है।













