सोनभद्र। जनपद में खनन एवं बालू लोडिंग स्थलों पर फैली अव्यवस्थाओं, ओवरलोडिंग और अनियमित परिवहन व्यवस्था को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। संगठन के जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र जायसवाल और प्रभारी मुख्य संरक्षक हाजी सलीम हुसैन के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर खनन एवं लोडिंग व्यवस्था को मानकों के अनुरूप करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में खनन स्थलों पर अनियमित लोडिंग, ओवरलोडिंग तथा बिना नंबर प्लेट के वाहनों का संचालन गंभीर चिंता का विषय बन गया है। इससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में भी लगातार वृद्धि हो रही है।
व्यापार मंडल ने मांग की कि खनन एवं बालू लोडिंग स्थलों पर ही निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहनों की लोडिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि सड़कों पर बार-बार चेकिंग, विवाद और अनियमितता की स्थिति समाप्त हो सके।
संगठन ने प्रत्येक वाहन पर वैध नंबर प्लेट की अनिवार्य जांच तथा फर्जी या बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई।
ज्ञापन में ओवरलोडिंग को सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बताते हुए इस पर कठोर नियंत्रण की आवश्यकता जताई गई। व्यापार मंडल का कहना है कि यदि लोडिंग स्थल पर ही प्रभावी निगरानी प्रणाली लागू कर दी जाए तो दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
इसके अलावा सभी लोडिंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, प्रशासनिक निगरानी और पारदर्शी मॉनिटरिंग सिस्टम लागू करने की भी मांग की गई, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक जवाबदेह बन सके।
जिलाध्यक्ष धीरेन्द्र जायसवाल ने कहा कि इन व्यवस्थाओं के लागू होने से छोटे वाहन स्वामियों को राहत मिलेगी, सड़क सुरक्षा मजबूत होगी और सरकारी राजस्व में भी वृद्धि होगी।
इस दौरान हाजी सलीम हुसैन, जिलामहामंत्री अजय कुमार राय, अरविंद पाठक सहित संगठन के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से जनहित में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।













