गोरखपुर। तारामंडल क्षेत्र में देर रात सड़क विवाद के बाद नशे में धुत युवकों द्वारा अस्पताल में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने का गंभीर मामला सामने आया है। मनबढ़ युवकों ने पहले डॉक्टर से दुर्व्यवहार किया और बाद में अस्पताल पहुंचकर कर्मचारियों के साथ मारपीट कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे अस्पताल संचालक पर भी हमला कर उनका सिर फोड़ दिया गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने अज्ञात पांच युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बखरा निवासी रोहित कुमार, जो पिछले चार वर्षों से तारामंडल स्थित राजश्री हॉस्पिटल में कार्यरत हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 अप्रैल की रात करीब 12 बजे डॉक्टर विवेक मिश्रा एक इमरजेंसी मरीज को देखने के बाद लौट रहे थे। इसी दौरान मुख्य सड़क पर सामने से आ रही कार में सवार कुछ युवकों से वाहन हटाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने डॉक्टर के साथ अभद्रता की।
शोरगुल सुनकर अस्पताल के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक डॉक्टर वहां से निकल चुके थे। इसके बाद कार सवार युवक अस्पताल कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगे और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
कुछ देर बाद आरोपी दोबारा ईंट-पत्थर, लाठी-डंडों से लैस होकर अस्पताल पहुंचे और कर्मचारियों पर हमला बोल दिया। अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हमले के दौरान अस्पताल संचालक विकास शर्मा जब स्थिति संभालने पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची रामगढ़ताल थाना पुलिस ने अस्पताल कर्मचारी की तहरीर के आधार पर अज्ञात पांच युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना प्रभारी नितिन श्रीवास्तव के अनुसार, वाहन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। संबंधित कार देवरिया जिले के एक व्यक्ति के नाम पर पंजीकृत पाई गई है। वाहन स्वामी से संपर्क कर कार सवार युवकों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। घटना के बाद अस्पताल कर्मियों में भय और आक्रोश का माहौल है।













