वाराणसी। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं युवा सांसद शांभवी चौधरी के वाराणसी आगमन पर महिला प्रकोष्ठ द्वारा भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। बाबा विश्वनाथ की नगरी में आयोजित इस कार्यक्रम में महिला कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन की ताकत साफ दिखाई दी।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रीति उपाध्याय के मार्गदर्शन में पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रधान महासचिव सीमा सिंह के नेतृत्व में वाराणसी इकाई ने सांसद शांभवी चौधरी का जोरदार स्वागत किया। सीमा सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गरिमा सिंह और महानगर अध्यक्ष वंदना सिंह सहित सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने नारों और उत्साह के साथ उनका अभिनंदन किया।
सीमा सिंह ने परंपरागत तरीके से तिलक लगाकर, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सांसद का स्वागत किया। इस अवसर पर शांभवी चौधरी ने कहा कि काशी में महिला कार्यकर्ताओं का जोश और अनुशासन संगठन की मजबूती का प्रतीक है। उन्होंने सीमा सिंह के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में महिला प्रकोष्ठ लगातार मजबूत हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान आगामी 30 अप्रैल के प्रस्तावित बड़े आयोजन को सफल बनाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। सीमा सिंह ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम ने काशी में लोजपा (रामविलास) की महिला शक्ति और संगठनात्मक प्रभाव का मजबूत संदेश दिया।









