, ,

जालौन हादसा खबर: भीषण सड़क दुर्घटना में 6 की मौत, 4 गंभीर

जालौन। झांसी-कानपुर नेशनल हाईवे पर कालपी के पास जोल्हुपुर में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

बताया जा रहा है कि टवेरा कार सवार सभी लोग अयोध्या से दर्शन कर ललितपुर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार में चल रही कार अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए पुलिस को गाड़ी के दरवाजे काटने पड़े। काफी मशक्कत के बाद सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि 4 घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

पुलिस मृतकों की पहचान कराने में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!