वाराणसी। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देवा महाविद्यालय स्कूल के सामने सुबह करीब चार से पांच बजे के बीच हुआ।
जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों युवक चोलापुर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। हादसे में बाइक के पीछे बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक सड़क किनारे दूर जा गिरी। टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंचे फैंटम दस्ता 53 के पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक और घायल युवक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













