हैदराबाद। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने देशवासियों से आयातित वस्तुओं के उपयोग में कमी लाने और विदेशी मुद्रा बचाने की अपील की है। हैदराबाद में आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संकट का असर पेट्रोल, डीजल और उर्वरकों की कीमतों पर पड़ रहा है, ऐसे समय में हर नागरिक को देशहित में योगदान देना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने लोगों से एक वर्ष तक शादियों में सोना न खरीदने, अनावश्यक विदेश यात्राएं टालने और पेट्रोल-डीजल का संयमित उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कार पूलिंग, मेट्रो रेल, इलेक्ट्रिक वाहनों और रेलवे पार्सल सेवाओं का अधिक इस्तेमाल किया जाना चाहिए, ताकि ईंधन की खपत कम हो और विदेशी मुद्रा की बचत हो सके।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में अपनाए गए वर्क फ्रॉम होम, वर्चुअल मीटिंग और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग जैसे उपाय आज भी उपयोगी साबित हो सकते हैं। प्रधानमंत्री ने नागरिकों से इन तरीकों को फिर से अपनाने की अपील करते हुए कहा कि इससे ऊर्जा और संसाधनों की बचत संभव है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत सौर ऊर्जा और एथेनॉल मिश्रण के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जिससे देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता मजबूत होगी। उन्होंने नागरिकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदार उपभोग की आदत अपनाने का आह्वान किया।









