पटना। सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना के गांधी मैदान से अग्निशमन विभाग के 80 हाईटेक फायर ब्रिगेड वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान विभाग को 36 नई स्कॉर्पियो गाड़ियां भी सौंपी गईं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बिहार में निवेश, उद्योग और मजबूत कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए बड़े पैमाने पर उद्योग-धंधों की स्थापना जरूरी है। उन्होंने राज्य से बाहर रह रहे लोगों से बिहार लौटकर निवेश करने और उद्योग लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य तेजी से आगे बढ़ेगा।
सम्राट चौधरी ने दावा किया कि सरकार एक वर्ष के भीतर बिहार में पांच लाख करोड़ रुपये का पूंजी निवेश लाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। इसके लिए नई औद्योगिक नीतियां और योजनाएं लागू की जा रही हैं।
कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सुशासन वाला राज्य है और पुलिस को स्वतंत्र रूप से काम करने की पूरी छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार को 1000 जवानों की क्षमता वाला Central Industrial Security Force का प्रशिक्षण केंद्र मिला है। उन्होंने गया में विकसित हो रहे इंडस्ट्रियल कॉरिडोर में एक और सीआईएसएफ प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने का अनुरोध केंद्र सरकार से किए जाने की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा को बड़ी विपदा बनने से रोकना सरकार की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से अग्निशमन सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। बिहार अग्निशमन सेवा में अब लगभग 8000 कर्मी कार्यरत हैं।
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके द्वारा शुरू की गई कई व्यवस्थाओं और सुधारों का असर आज भी दिखाई देता है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में अग्निशमन विभाग को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। कार्यक्रम में महिला फायर फाइटर्स ने भी अपने कौशल का प्रदर्शन किया, वहीं अधिकारियों ने आधुनिक अग्निशमन उपकरणों और तकनीकों की जानकारी दी।













