चंदौली। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की मासिक बैठक बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एएसपी अनंत चंद्रशेखर, एएसपी ऑपरेशन सतीश चंद्र, एडीएम रतन वर्मा तथा जीएसटी अधिकारी श्रीधर तिवारी ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में मौजूद व्यापारियों ने अपनी-अपनी समस्याओं से पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराया। इस दौरान अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराया जाएगा। अन्य विभागों से संबंधित मामलों को भी संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर हल कराने का भरोसा दिया गया।
जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील करते हुए कहा कि इससे असामाजिक तत्वों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि व्यापारियों को किसी भी प्रकार से अनावश्यक परेशान न किया जाए।
उन्होंने सैयदराजा के साप्ताहिक बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, मछली व्यवसायियों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध कराने तथा धानापुर क्षेत्र में बढ़ती दुर्घटनाओं और जाम की समस्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की गई।
एएसपी ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा और सुचारू व्यापारिक वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क पर जाम की स्थिति रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
बैठक में यह भी कहा गया कि व्यापारियों के साथ किसी प्रकार का दुर्व्यवहार न हो, क्योंकि देश के आर्थिक विकास में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अधिकारियों ने सभी व्यापारियों से निर्भीक होकर व्यापार करने की अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन उनके साथ खड़ा है।
इस अवसर पर महिला जिलाध्यक्ष अर्चना देवी, शीला देवी, महेंद्र गुप्ता, शीला गुप्ता, घूरे लाल कन्नौजिया, राजेश केशरी, धीरज गुप्ता सभासद सैयदराजा, घनश्याम शर्मा, मंजू जायसवाल, बसंत गुप्ता, राकेश कुमार, आभा चौरसिया, मो. ताज, कमलाकर तिवारी, विजय केशरी, जिला महामंत्री अनिरुद्ध जायसवाल, महंत श्री कृष्ण दास, नगर महामंत्री ऋतिक विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।













