कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामणी मुख्य मार्ग स्थित चौक पर बुधवार को बीच सड़क एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। करीब 10 से 15 युवकों ने मिलकर युवक को लात-घूंसों और पंचिंग से जमकर पीटा। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे, जबकि किसी ने बीच-बचाव की कोशिश नहीं की। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घायल युवक की पहचान सीतामणी निवासी रोशन शर्मा के रूप में हुई है, जो एक निजी कंपनी में कार्यरत बताया जा रहा है। हमले में उसे गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार रोशन शर्मा का कुछ युवकों से पहले भी विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश और नशे की हालत में हुए झगड़े के कारण आरोपियों ने बुधवार को उसे सीतामणी चौक पर घेर लिया। इसके बाद करीब 15 मिनट तक बीच सड़क मारपीट होती रही।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर सीतामढ़ी क्षेत्र के ही रहने वाले हैं और क्षेत्र में पहले भी कई बार विवाद और मारपीट की घटनाओं में शामिल रहे हैं। वायरल वीडियो में कुछ युवक रोशन को घेरकर पीटते नजर आ रहे हैं, जबकि आसपास खड़े लोग घटना का वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। मामले में पुलिस ने मारपीट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और नाराजगी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नशेड़ी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं।













