वाराणसी। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG) के दौरान वाराणसी के कई परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था और तकनीकी समस्याओं के चलते छात्रों और अभिभावकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित समय से करीब दो घंटे की देरी से शुरू हुई, जिससे परीक्षार्थियों में नाराजगी देखने को मिली।
लोहता और सारनाथ स्थित परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे छात्रों और अभिभावकों ने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि केंद्रों पर पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहा। भीषण गर्मी के बीच छात्रों और उनके परिजनों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
परीक्षा में शामिल होने के लिए भदोही, चंदौली, जौनपुर, गोरखपुर समेत आसपास के जिलों और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में छात्र वाराणसी पहुंचे थे। छात्रों का आरोप है कि दोनों पालियों की परीक्षाएं समय पर शुरू नहीं हो सकीं, जिससे उन्हें मानसिक और शारीरिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
सारनाथ केंद्र पर मौजूद अभिभावकों ने बताया कि वे अपने बच्चों को परीक्षा दिलाने दूर-दराज के शहरों से आए थे। परीक्षा में देरी के कारण उनकी यात्रा योजनाएं प्रभावित हुईं। साथ ही केंद्रों के बाहर सफाई व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई गई।
छात्रों और अभिभावकों ने मांग की है कि भविष्य में परीक्षा केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।









