वाराणसी। लोहता पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक परीक्षार्थी का खोया हुआ मोबाइल महज एक घंटे के भीतर बरामद कर उसे वापस सौंप दिया। पुलिस की इस तत्परता की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, गाजीपुर निवासी कृष्णा यादव परीक्षा देने के लिए लोहता थाना क्षेत्र के हरपालपुर आए थे। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन एक ऑटो में छूट गया। काफी तलाश करने के बाद भी मोबाइल नहीं मिलने पर इसकी सूचना लोहता थाना प्रभारी दिगंबर उपाध्याय को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम गठित की और मोबाइल की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तकनीकी सहायता और स्थानीय स्तर पर पड़ताल के माध्यम से महज एक घंटे के भीतर मोबाइल बरामद कर लिया।
इस अभियान में राज दर्पण तिवारी, मोहम्मद आरिफ खान, राजेंद्र प्रताप सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
मोबाइल वापस मिलने पर परीक्षार्थी कृष्णा यादव ने राहत की सांस ली और लोहता पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस की तत्परता के कारण उनका महत्वपूर्ण सामान सुरक्षित वापस मिल सका।
लोहता पुलिस की इस कार्रवाई को लोगों ने जनसेवा और संवेदनशील पुलिसिंग का सकारात्मक उदाहरण बताया है।













