तीन बिस्वा के एग्रीमेंट पर सात बिस्वा की रजिस्ट्री का आरोप, पीड़ित ने समाधान दिवस में एसपी से लगाई न्याय की गुहार

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस के दौरान पथरा वार्ड निवासी मो. जाफर अंसारी उर्फ जाफर अली ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर कथित भूमाफिया शालिग्राम तिवारी और उनकी फर्म शुभम इंटरप्राइजेज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि तीन बिस्वा भूमि के एग्रीमेंट के नाम पर छलपूर्वक सात बिस्वा भूमि की रजिस्ट्री अपने नाम करा ली गई।

पीड़ित के अनुसार, भूमि के बदले उन्हें केवल 50 हजार रुपये बयाने के रूप में दिए गए, जबकि तय की गई 25.43 लाख रुपये की शेष धनराशि अब तक नहीं मिली। उनका आरोप है कि भुगतान के लिए दिए गए कई चेक बैंक में प्रस्तुत करने पर बाउंस हो गए। इसके बावजूद आरोपित ने विवादित भूमि का दाखिल-खारिज भी करा लिया और कथित रूप से उसका कुछ हिस्सा अन्य लोगों को बेच दिया।

समाधान दिवस में जाफर अंसारी ने बताया कि जब भी वह बकाया रकम की मांग करते हैं तो उन्हें टाल दिया जाता है। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कराई गई और लगातार धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने आरोपित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि भुगतान मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई तथा सहयोगियों के साथ मिलकर मारपीट और अपहरण का प्रयास किया गया। पीड़ित का कहना है कि भय के कारण उनका परिवार फिलहाल दुलहीपुर में रहने को मजबूर है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने, बकाया धनराशि दिलाने, कथित फर्जी रजिस्ट्री निरस्त कराने और भूमि पर कब्जा वापस दिलाने की मांग की है।

मामले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह ने जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और राजस्व अभिलेखों तथा उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस और राजस्व विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!