अरविंद केजरीवाल से मिले प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे, यूपी में संगठन विस्तार पर हुई चर्चा

नई दिल्ली/मीरजापुर। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट सुनील कुमार पांडे ने नई दिल्ली में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में एड. सुनील कुमार पांडे ने उत्तर प्रदेश में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियान और विभिन्न जिलों में चल रहे कार्यक्रमों की जानकारी राष्ट्रीय संयोजक को दी। उन्होंने प्रदेश में कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन की वर्तमान स्थिति से भी अवगत कराया।

मुलाकात के दौरान उत्तर प्रदेश में पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों पर रणनीतिक मंथन किया गया। अरविंद केजरीवाल ने संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया।

बैठक के बाद एड. सुनील कुमार पांडे ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में लगातार अपनी संगठनात्मक पकड़ मजबूत कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनहित के मुद्दों को लेकर पार्टी प्रदेश में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगी और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार को लेकर कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा विभिन्न स्तरों पर नए पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की जा सकती है।

ब्यूरो प्रमुख- मीरजापुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!