मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार के निर्देश पर सदर उपजिलाधिकारी एवं विशेष भूमि अर्जन अधिकारी (SLAO) गुलाब चन्द्र ने प्रस्तावित देवापुर–पचवल से भटौली मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य से प्रभावित क्षेत्र का जायजा लिया और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों और किसानों ने प्रस्तावित सड़क निर्माण का स्वागत करते हुए कहा कि मार्ग बनने से खेती-किसानी, आवागमन और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने परियोजना को जल्द पूरा कराने की मांग भी की।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के अभियंता बी.के. पाण्डेय भी मौजूद रहे। एसडीएम ने भूमि अधिग्रहण से संबंधित प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश देते हुए तहसील प्रशासन और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को भूमि एवं परिसंपत्तियों का अंश निर्धारण शीघ्र पूरा करने को कहा, ताकि परियोजना में किसी प्रकार की देरी न हो।
एसडीएम गुलाब चन्द्र ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से पूरी की जाए तथा प्रभावित किसानों को नियमानुसार उचित मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।
प्रस्तावित सड़क के निर्माण से देवापुर, पचवल और भटौली सहित आसपास के गांवों के हजारों लोगों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। ग्रामीणों का मानना है कि मार्ग बनने से परिवहन सुविधाओं में सुधार होगा, कृषि उत्पादों की आवाजाही आसान होगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।









