पत्नी से विवाद के बाद युवक की संदिग्ध हालात में मौत, कमरे में मिला शव

वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र के बड़ेपुर गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मंगलवार सुबह 21 वर्षीय राजू का शव उसके कमरे में मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक की पहचान गांव निवासी रविंद्र गौड़ के बड़े बेटे राजू के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक राजू मजदूरी करने के साथ एक निजी संस्थान में भी काम करता था। परिवार में उसके अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं। उसकी बहन की शादी पहले ही हो चुकी है।

कुछ दिन पहले ही पत्नी को वापस लाया था

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर राजू की पत्नी उससे नाराज होकर मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि राजू बाद में उसे समझाकर वापस घर ले आया था।

सोमवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों के मुताबिक कहासुनी के बाद दोनों अपने कमरे में चले गए। अगले दिन सुबह राजू का शव कमरे में मिला, जिसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की जानकारी मिलने पर पीआरवी के साथ फूलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फूलपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव कुमार सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा नजर आ रहा है। हालांकि युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!