,

छठ घाटों पर सुरक्षा और रोशनी के इंतजाम पर जोर, पीस कमेटी की बैठक में तैयारियों पर चर्चा

चंदौली। छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर बुधवार को सकलडीहा थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। उप जिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा ने जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों के साथ घाटों की व्यवस्था पर चर्चा की। अधिकारियों ने साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा और सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने तथा आने-जाने वाले रास्तों पर यातायात बाधित न होने देने को कहा। पूजा समितियों को शासन के दिशा-निर्देशों से भी अवगत कराया गया।

डीजे और पटाखों पर रोक सहित अन्य सुरक्षा संबंधी विषयों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने कहा कि पर्व को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पूजा समितियों, स्थानीय लोगों और प्रशासन के बीच समन्वय जरूरी है।

एसडीएम और सीओ ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी साझा करने से बचने की अपील की। किसी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस-प्रशासन को देने को कहा गया, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

बैठक में ग्राम प्रधान, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, समाजसेवी और पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए छठ महापर्व की व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की।

ब्यूरो प्रमुख- चंदौली

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!