, ,

देरी और पानी की किल्लत पर भड़के स्पेशल ट्रेन के यात्री, आरपीएफ ने शांत कराया हंगामा

वाराणसी। छठ पर्व पर घर जा रहे यात्रियों ने बुधवार को कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की देरी और सुविधाओं की कमी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्लेटफार्म नंबर चार पर एलटीटी-रक्सौल स्पेशल पहुंचने के बाद यात्री बोगियों से उतर आए और रेलवे प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। आरपीएफ के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ।

गाड़ी संख्या 01037 में सफर कर रहे यात्रियों का आरोप था कि बोगियों में पीने का पानी नहीं था और साफ-सफाई की व्यवस्था भी खराब थी। यात्रियों के अनुसार, ट्रेन नौ नवंबर की शाम छह बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनल से रवाना हुई थी। लंबा समय बीतने के बाद भी गंतव्य तक नहीं पहुंच पाने से उनकी परेशानी बढ़ गई।

यात्रियों ने बताया कि प्रयागराज के बाद ट्रेन को वाराणसी कैंट स्टेशन के आउटर पर भी कई घंटे रोका गया। पानी और शौचालय की समस्या के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष परेशानी हुई। उनका कहना था कि पूरा किराया देने के बावजूद यात्रा के दौरान जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं।

हंगामे की सूचना पर आरपीएफ के जवान प्लेटफार्म पर पहुंचे। उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और वापस बोगियों में बैठाया। इसके बाद दोपहर 2:50 बजे ट्रेन कैंट स्टेशन से आगे रवाना हुई।

इससे पहले आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल, गाड़ी संख्या 04478 के यात्रियों ने भी देरी, पानी की कमी और गंदगी को लेकर विरोध जताया था। छठ के लिए घर लौट रहे यात्रियों ने समय पर ट्रेन संचालन और सफर के दौरान बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Follow us

error: Content is protected !!