वाराणसी। बच्छाव गांव में दीवार ढहने के बाद तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत पर रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने शोक जताया। बुधवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचे विधायक ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मंगलवार देर रात तालाब किनारे बने मकान की दीवार गिरने से छह वर्षीय आफिया और चार वर्षीय फलक की तालाब में डूबकर मौत हो गई थी। विधायक ने परिवार से हादसे का घटनाक्रम जाना। उन्होंने बच्चियों की मौत को दुखद बताते हुए कहा कि वह इस कठिन समय में परिवार के साथ हैं।
डॉ. पटेल ने जिला प्रशासन से परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता, आवास और अन्य सरकारी सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने तालाब किनारे रहने वाले अन्य परिवारों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
विधायक ने हादसे में घायल परिजनों का हालचाल लिया और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने परिवार को सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान प्रदेश महासचिव डॉ. उमेश पटेल, सचाऊ पटेल, राजकुमार वर्मा, मानस सिंह, श्याम बली पटेल, धर्मेंद्र राजपूत और चौकी प्रभारी मौजूद रहे। विनोद पटेल, अखिलेश पटेल, निलय पटेल, राकेश पटेल, बृजेश पटेल तथा शुभम मौर्य सहित अन्य लोग भी उपस्थित थे।












