, ,

वाराणसी मंडल की कमान अब के. विजयेंद्र पांडियन के हाथ, एस. राजलिंगम कानपुर भेजे गए

वाराणसी। प्रदेश सरकार की ओर से किए गए प्रशासनिक फेरबदल में वाराणसी मंडल को नया आयुक्त मिल गया है। कानपुर मंडल के आयुक्त के. विजयेंद्र पांडियन को वाराणसी की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि यहां तैनात एस. राजलिंगम को कानपुर मंडल भेजा गया है। पांडियन वाराणसी के 70वें मंडलायुक्त के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

एस. राजलिंगम ने अप्रैल 2025 में वाराणसी मंडल के आयुक्त का पद संभाला था। इससे पहले वह नवंबर 2022 से वाराणसी के जिलाधिकारी थे। अपने प्रशासनिक करियर में वह कुशीनगर, सोनभद्र, औरैया और सुल्तानपुर जैसे जिलों में जिलाधिकारी रह चुके हैं। बांदा में संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में सेवा शुरू करने के बाद उन्होंने देवरिया में मुख्य विकास अधिकारी की जिम्मेदारी भी निभाई। इसके अलावा दुग्ध विकास, वाणिज्य कर, बेसिक शिक्षा और नगर विकास विभागों में भी तैनात रहे हैं।

नए मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन का प्रशासनिक सफर इटावा से शुरू हुआ था, जहां उनकी पहली तैनाती संयुक्त मजिस्ट्रेट के रूप में हुई। इसके बाद उन्होंने चंदौली में मुख्य विकास अधिकारी का पद संभाला। बलिया, कानपुर देहात और बलरामपुर में जिलाधिकारी रहने के साथ वह पंचायतीराज विभाग और निर्वाचन विभाग में विशेष सचिव, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा राज्य सड़क परिवहन निगम में अपर प्रबंध निदेशक जैसे पदों पर भी काम कर चुके हैं।

मई 2017 में उन्हें कानपुर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया था। मार्च 2018 में गोरखपुर के जिलाधिकारी बनने के बाद वह कोरोना महामारी के दौरान भी सुर्खियों में रहे। उस समय संक्रमण की रोकथाम के लिए बाहर से लौटने वाले लोगों की पहचान, निगरानी और क्वारंटाइन की व्यवस्था की गई थी। लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए सामुदायिक रसोई शुरू कराई गई। दूध और आवश्यक सामान घरों तक पहुंचाने की व्यवस्था भी लागू की गई थी।

वाराणसी मंडल की जिम्मेदारी मिलने के बाद अब पांडियन के सामने मंडल के चार जिलों में विकास कार्यों की निगरानी और प्रशासनिक तालमेल बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी। इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था, जनशिकायतों और प्रमुख विकास परियोजनाओं से जुड़े मामलों पर भी उनकी भूमिका अहम रहेगी।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!