, ,

बीएचयू के स्वास्थ्य मेले में पहले दिन 7 हजार लोगों की जुटी भीड़

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के 66वें वार्षिक दिवस पर आयोजित दो दिवसीय स्वास्थ्य मेला एवं प्रदर्शनी में पहले ही दिन लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। केएन उडुप्पा सभागार में आयोजित मेले में करीब 7,000 लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली और विभिन्न जांचों व चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया। इनमें लगभग 2,500 स्कूली छात्र भी शामिल रहे।

मेले का उद्घाटन बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और वहां दी जा रही जानकारियों को देखा। कुलपति ने कहा कि स्थापना दिवस को सिर्फ समारोह तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों और आम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए इस्तेमाल करना अच्छी पहल है। उन्होंने बीमारियों के लक्षण, बचाव और उपचार से जुड़ी बातें सरल हिंदी और आम बोलचाल की भाषा में समझाने पर जोर दिया।

चिकित्सा विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. एसएन संखवार ने बताया कि मेले के माध्यम से चिकित्सा और तकनीक के जरिए लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं तथा विभिन्न जांचों के बारे में जानकारी दी जा रही है। वहीं, आईआईटी-बीएचयू के डीन प्रो. राजेश कुमार ने दोनों संस्थानों के बीच संयुक्त अनुसंधान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगातार दूसरे वर्ष चैलेंज ग्रांट के तहत 10 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी मिली है।

प्रदर्शनी में मिर्गी, हृदय रोग और लकवा जैसी बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कठपुतली कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। लोगों को क्यूआर कोड के माध्यम से भी संबंधित विषयों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर संस्थान के न्यूजलेटर का विमोचन भी हुआ।

मेले के संयोजक प्रो. टीपी चतुर्वेदी और सह संयोजक प्रो. बी. राम व प्रो. एसके भारतीय ने बताया कि पहले दिन लगभग सात हजार लोगों ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया। आगंतुकों ने रक्त संबंधी जांच, ब्लड प्रेशर की जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधाओं का लाभ लिया।

कार्यक्रम का संचालन प्रो. विजय नाथ मिश्रा ने किया। इस मौके पर प्रो. संजय गुप्ता, प्रो. पुनीत, प्रो. केएन मूर्ति सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!