, ,

इंदिरा गांधी की जयंती पर उनके योगदान और बलिदान को किया याद

वाराणसी। इंग्लिसियालाइन स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी फाउंडेशन के कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें वक्ताओं ने उनके राजनीतिक जीवन, साहसिक फैसलों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में इंदिरा गांधी का योगदान और उनकी शहादत हमेशा याद रखी जाएगी।

वक्ताओं ने इंदिरा गांधी को दृढ़ इच्छाशक्ति और राजनीतिक दूरदर्शिता वाली नेता बताते हुए कहा कि बैंकिंग व्यवस्था को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से उन्होंने बैंकों का राष्ट्रीयकरण किया। गरीबी हटाओ के नारे और बीस सूत्रीय कार्यक्रम के जरिए सामाजिक व आर्थिक बदलाव की दिशा में पहल की। वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उनके नेतृत्व में मिली जीत और बांग्लादेश के गठन को भी उनके कार्यकाल की महत्वपूर्ण उपलब्धियों के रूप में याद किया गया।

गोष्ठी में कहा गया कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए इंदिरा गांधी ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। वक्ताओं ने उनके त्याग और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता को भारतीय इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय बताया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ नेता राजनीतिक स्वार्थों के चलते उनके योगदान को कमतर दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनके व्यक्तित्व और कार्यों की ऐतिहासिक भूमिका को भुलाया नहीं जा सकता।

विचार गोष्ठी की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व सिंचाई आयोग अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता पंडित विजय शंकर पाण्डेय ने की। फाउंडेशन के सचिव बैजनाथ सिंह ने कार्यक्रम का संचालन किया।

इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता राधेलाल, अधिवक्ता भूपेंद्र प्रताप सिंह, आनंद सिंह, विजय कृष्ण राय ‘अन्नू’, मनोज चौबे, आनंद मिश्रा, वैभव त्रिपाठी, ब्रह्मदेव मिश्रा, पुनीत मिश्र, महेंद्र चौहान, कमलाकांत पांडेय, अधिवक्ता पंकज मिश्रा, अशोक कुमार पांडेय, युवराज पांडेय और पिंटू शेख सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!