चंदौली। शहाबगंज विकासखंड में भुड़कुड़ा गांव से इलिया जाने वाला प्रमुख मार्ग बदहाली का शिकार है। सड़क की नहर से सटी पटरी क्षतिग्रस्त होकर नहर में समाती जा रही है। वहीं, दोनों ओर घास-फूस और झाड़ियां फैलने से रास्ता संकरा हो गया है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मार्ग पर दुर्घटना की आशंका जताते हुए जल्द मरम्मत की मांग की है।
सड़क के किनारे बहने वाली नहर की ओर की पटरी बुरी तरह टूट चुकी है। दूसरी ओर, सड़क के दोनों तरफ उगी घनी झाड़ियों के कारण वाहनों को निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। खासकर आमने-सामने से चार पहिया वाहन आने पर पास लेने में दिक्कत होती है। नहर के किनारे सड़क की स्थिति ऐसी है कि जरा सी असावधानी वाहन को हादसे का शिकार बना सकती है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों वाहन गुजरते हैं। आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए यह मुख्य संपर्क मार्ग है। इन दिनों खेती-किसानी का काम तेज होने से ट्रैक्टर और अन्य कृषि वाहनों की आवाजाही भी बढ़ गई है। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति के कारण किसानों सहित आम राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, नहर की तरफ सुरक्षा के इंतजाम करने और दोनों ओर उगी घास-फूस व झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते जरूरी काम नहीं कराए गए तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।












