,

तुरंगा में 21 से 23 दिसंबर तक 101 कुंडीय राष्ट्ररक्षा महायज्ञ, देशभर के संत होंगे शामिल

रायगढ़। भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित तीन विभूतियों की स्मृति में जिले के तुरंगा स्थित आर्ष गुरुकुल आश्रम में 21 से 23 दिसंबर तक तीन दिवसीय 101 कुंडीय राष्ट्ररक्षा महायज्ञ एवं धर्मवीर शताब्दी महोत्सव आयोजित किया जाएगा। स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती के बलिदान शताब्दी वर्ष और स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती तथा श्रद्धेय अशोक सिंघल के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में होने वाले इस आयोजन में देशभर के संत, धर्माचार्य, विद्वान और श्रद्धालु जुटेंगे।

गुरुवार को सर्किट हाउस रोड स्थित रामेश्वर धाम के विश्व हिंदू परिषद कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में आर्ष गुरुकुल तुरंगा के आचार्य स्वामी राकेश जी ने महोत्सव की विस्तृत जानकारी दी। श्री श्री मल्लिका चतुर्भुज धर्मार्थ ट्रस्ट के संयोजन में होने वाले इस आयोजन में वैदिक यज्ञ, संत सम्मेलन, धर्माचार्य सम्मेलन, विचार गोष्ठियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 101 यज्ञ कुंडों में श्रद्धालु आहुतियां अर्पित करेंगे। आयोजकों ने करीब 1200 यजमानों की सहभागिता का लक्ष्य रखा है।

महोत्सव में तीनों विभूतियों के जीवन, कार्यों और विचारों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। स्वामी श्रद्धानंद सरस्वती ने वैदिक शिक्षा, सामाजिक सुधार और राष्ट्रजागरण के लिए कार्य किया था। गुरुकुल कांगड़ी की स्थापना के माध्यम से उन्होंने भारतीय शिक्षा और संस्कारों को बढ़ावा दिया। 23 दिसंबर 1926 को उनका बलिदान हुआ था। इसी के शताब्दी वर्ष को आयोजन का एक प्रमुख आधार बनाया गया है।

स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती ने ओडिशा के कंधमाल क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार और सामाजिक जागरूकता के लिए काम किया। विशेष रूप से वनवासी समाज के बच्चों और बालिकाओं की शिक्षा के क्षेत्र में उनके प्रयासों को याद किया जाएगा। 15 अगस्त 1926 को जन्मे स्वामी लक्ष्मणानंद की जन्म शताब्दी के अवसर पर उनके सेवा कार्यों को जनमानस तक पहुंचाने की योजना है। वहीं, विश्व हिंदू परिषद के प्रमुख संगठनकर्ताओं और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रणी नेतृत्वकर्ताओं में शामिल अशोक सिंघल के योगदान को भी महोत्सव में स्मरण किया जाएगा। उनका जन्म 27 सितंबर 1926 को हुआ था।

आचार्य स्वामी राकेश जी ने कहा कि सामाजिक समरसता, एकता और परस्पर सम्मान समाज के साथ-साथ वैश्विक शांति के लिए भी जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि तीनों विभूतियों के जीवन से राष्ट्र और संस्कृति के प्रति समर्पण की प्रेरणा मिलती है। उनके अनुसार, देशभर में आयोजित हो रहे धर्मवीर शताब्दी महोत्सवों के जरिए जातिवाद, सामाजिक विद्वेष, धर्मांतरण और सामाजिक विघटन जैसी चुनौतियों पर चर्चा कर समाज के विभिन्न वर्गों को सकारात्मक संवाद के लिए एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है।

तीन दिवसीय आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह 8 से 11 बजे तक 101 कुंडीय राष्ट्ररक्षा महायज्ञ और वैदिक मंत्रोच्चार होगा। सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक संत सम्मेलन, धर्माचार्य सम्मेलन और विषय आधारित विचार गोष्ठियां आयोजित होंगी। दोपहर 1 से 2 बजे तक भोजन-प्रसाद की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक धर्म, संस्कृति, शिक्षा, राष्ट्ररक्षा, सामाजिक समरसता, युवा जागरण और समाजोत्थान जैसे विषयों पर विमर्श होगा। शाम 7 से रात 10 बजे तक भजन, देशभक्ति प्रस्तुतियां, नाट्य मंचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

आचार्य स्वामी राकेश जी ने बताया कि महोत्सव में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, साध्वी ऋतंभरा तथा स्वामी अवधेशानंद गिरि सहित कई प्रमुख संतों और जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने इन सभी की उपस्थिति के लिए अनुरोध किया है। प्रेस वार्ता में सामाजिक समरसता से जुड़े सवालों पर उन्होंने सरकार की वोट बैंक केंद्रित राजनीति की आलोचना भी की और समाज से राष्ट्रहित तथा सद्भाव के मुद्दों पर जागरूक रहने की अपील की।

आयोजन समिति की ओर से रायगढ़ से तुरंगा स्थित आश्रम तक श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। बाहर से आने वाले अतिथियों और श्रद्धालुओं के ठहरने तथा भोजन-प्रसाद की व्यवस्था भी की जाएगी। आयोजकों ने संत-महात्माओं, धर्माचार्यों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध नागरिकों, महिलाओं और युवाओं से महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया है।

ब्यूरो प्रमुख- रायगढ़

Follow us

error: Content is protected !!