वाराणसी। आशापुर चौराहे पर गुम हुआ करीब दो लाख रुपये कीमत का सर्जिकल कैमरा सारनाथ पुलिस ने तलाश कर उसके मालिक को वापस सौंप दिया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे लगभग 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर कैमरे का पता लगाया। अपना कीमती सामान वापस मिलने पर आवेदक ने पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे आशापुर चौराहे पर कार से सामान निकालते समय डॉ. विनय कुमार का बैग गिर गया था। बैग में सर्जिकल कैमरा और अन्य उपकरण रखे थे। काफी तलाश के बाद भी सामान नहीं मिलने पर उनके पिता रामसहाय सिंह यादव ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कैमरा बरामद कराने की गुहार लगाई थी।
मामले में उच्चाधिकारियों के निर्देशन और सारनाथ थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक पंकज त्रिपाठी के नेतृत्व में आशापुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीक्षा पाण्डेय ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के साथ आसपास के मार्गों पर लगे करीब 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज का क्रमवार विश्लेषण करने और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद बैग उठाने वाले व्यक्तियों की पहचान की गई।
जांच में पता चला कि कैमरा मवइया निवासी पंकज पाण्डेय के पास सुरक्षित रखा हुआ है। पुलिस ने उनसे कैमरा और बैग में मौजूद उपकरण प्राप्त कर लिए। इसके बाद 19 नवंबर 2026 को सर्जिकल कैमरा, बैग और अन्य सामान रामसहाय सिंह यादव को सकुशल सौंप दिया गया। सामान वापस मिलने पर उन्होंने पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।












