चंदौली। कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में शुक्रवार को जिलाधिकारी शैलेश कुमार ने जनसुनवाई कर विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान राजस्व, भूमि पैमाइश, अतिक्रमण, पेंशन, राशन कार्ड, बिजली आपूर्ति और विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इनका समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान करने का निर्देश दिया।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की बात सुनी और शिकायतों की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभागों के अधिकारियों को दूरभाष और पत्र के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि मामलों को गंभीरता से लेते हुए बिना देरी किए समाधान की प्रक्रिया पूरी की जाए।
डीएम ने अधिकारियों को चेताया कि जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि हर शिकायत का निर्धारित समयसीमा में पारदर्शी तरीके से निस्तारण होना चाहिए। इसका उद्देश्य यह है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण के बाद संबंधित फरियादियों से फीडबैक लेने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का प्रभावी समाधान कर बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।












