, ,

देव दीपावली पर 3000 पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान

वाराणसी। देव दीपावली पर 10 से 15 लाख श्रद्धालुओं और पर्यटकों के काशी पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। रविवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के साथ गोदौलिया से नाव के जरिए चेतसिंह घाट होते हुए नमो घाट तक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गंगा के जलमार्ग, प्रमुख घाटों, नौका संचालन और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया।

संभावित भीड़ को देखते हुए गंगा में अस्थायी पुलिस स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही रेस्क्यू बोट और वाटर बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी रहेगी। नावों के आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जाएंगे, ताकि टकराव और अव्यवस्था की स्थिति न बने। नौकाओं पर निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने पर रोक रहेगी और सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य होगी।

सुरक्षा व्यवस्था के तहत 25 से अधिक आईपीएस, 50 से ज्यादा पीपीएस अधिकारियों और करीब 3000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सीआरपीएफ, पीएसी और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) भी मुस्तैद रहेंगी। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों के साथ ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात डायवर्जन और पार्किंग की व्यवस्था के साथ चिकित्सा व अग्निशमन सेवाओं को भी अलर्ट रखा जाएगा।

देव दीपावली पर गंगा घाटों पर करीब 11 लाख दीप जलाए जाएंगे। इसके अलावा लेजर शो, भव्य गंगा आरती, आतिशबाजी और ड्रोन शो आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों को सॉफ्ट स्किल का प्रशिक्षण भी दिया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ सम्मानजनक, विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार करें।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, किरीट राठोड सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Follow us

error: Content is protected !!