वाराणसी। देव दीपावली और कार्तिक पूर्णिमा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कमिश्नरेट यातायात पुलिस ने शहर के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 24 नवंबर को गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने के साथ मुख्यमंत्री व अन्य वीआईपी अतिथियों के आगमन को लेकर यातायात व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। लागू प्रतिबंध दोपहर एक बजे से प्रभावी होंगे।
अपर पुलिस उपायुक्त यातायात की ओर से जारी एडवाइजरी के मुताबिक, शहर के 10 प्रमुख मार्गों को नो-व्हीकल जोन बनाया गया है। इन रास्तों पर दोपहिया और चार पहिया समेत किसी भी तरह के वाहनों को चलने की अनुमति नहीं होगी। श्रद्धालुओं के वाहनों को व्यवस्थित करने के लिए 57 पार्किंग स्थल और पांच होल्डिंग एरिया भी निर्धारित किए गए हैं।
गंगा पर बने पुलों के आवागमन में भी बदलाव किया गया है। राजघाट पुल पर नमो घाट से पड़ाव के बीच वाहनों के साथ पैदल आवाजाही पर भी पूरी तरह रोक रहेगी। सामने घाट पुल पर लंका से रामनगर के बीच केवल दोपहिया वाहन और पैदल यात्री आ-जा सकेंगे। हालांकि, विश्वसुंदरी पुल (एनएच-19) और रिंग रोड पुल पर यातायात सामान्य रूप से चलता रहेगा।
मैदागिन से बुलानाला होते हुए गोदौलिया, लक्सा थाना से रामापुरा, लहुराबीर से पिपलानी कटरा होकर मैदागिन और बेनिया तिराहे की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। ब्रॉडवे तिराहे से सोनारपुरा होते हुए गोदौलिया तक भी वाहन नहीं जा सकेंगे। अग्रवाल तिराहा, बीओबी तिराहा (रविदास गेट) और पद्मश्री चौराहे से अस्सी घाट व रविदास घाट की तरफ भी आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा चंदौली के बहादुरपुर रोड से पड़ाव, रामनगर चौराहा होते हुए टेंगरा मोड़ तक और पड़ाव से सूजाबाद होकर राजघाट पुल व नमो घाट जाने वाले वाहनों को भी रोक दिया जाएगा।
शहर की सीमा पर रोकी जाएंगी बसें और भारी वाहन
24 नवंबर को दोपहर एक बजे के बाद भारी वाहनों, रोडवेज बसों और निजी बसों को शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा। काशी डिपो और कैंट बस स्टेशन की बसों का संचालन रिंग रोड के संदहा और हरहुआ स्थित अस्थायी बस स्टेशनों से होगा। जौनपुर, आजमगढ़ और गाजीपुर की ओर से आने वाली बसें हरहुआ, बावनबीघा और संदहा अंडरपास तक ही पहुंचेंगी। वहीं प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र और चंदौली की बसों का संचालन मोहनसराय स्थित ठिकाना ढाबा तक सीमित रहेगा।
यात्रियों की आवाजाही के लिए सिटी बसों और ई-रिक्शा के निर्धारित रूट भी तय किए गए हैं। संदहा से हरहुआ, गिलट बाजार और कैंट होते हुए बीएचयू तक तथा जगतपुर से चांदपुर, कैंट होकर गोलगड्डा और लाटभैरव तक इनका संचालन किया जाएगा।
वीआईपी पास के आधार पर तय होगा पार्किंग रूट
नमो घाट जाने वाले वीआईपी वाहनों को कलर-कोड पास के अनुसार हरहुआ, गिलट बाजार, पुलिस लाइन चौराहा या कैंट ओवरब्रिज के रास्ते निर्धारित पार्किंग तक पहुंचने दिया जाएगा। बिना पास वाले वाहनों को चौकाघाट और लकड़ीमंडी की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इस इलाके में मच्छोदरी, नेशनल इंटर कॉलेज, टाउनहाल, क्वींस कॉलेज और संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
दशाश्वमेध और गोदौलिया की ओर आने वाले वाहनों को कमच्छा की तरफ मोड़कर एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज मैदान, द्वारिकाधीश मंदिर, सीएचएस स्कूल, बेनियाबाग और मजदा पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। अस्सी और लंका क्षेत्र में अखरी, चितईपुर तथा सुंदरपुर की तरफ से आने वाले वाहन नरिया गेट के रास्ते बीएचयू परिसर में पार्क होंगे। प्रयागराज और मिर्जापुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए हरसेवानंद स्कूल मैदान, लौटूवीर और गढ़वा घाट पार्किंग तय की गई है।
रामनगर में सामने घाट और मिर्जापुर की ओर से आने वाले चार पहिया वाहनों को दुर्गा मंदिर मैदान, पंचवटी मैदान, लंका मैदान और रामबाग ग्राउंड में जगह दी जाएगी। दोपहिया वाहनों के लिए पीएसी ग्राउंड में पार्किंग निर्धारित की गई है।
एंबुलेंस के लिए तीन ग्रीन कॉरिडोर
यातायात पुलिस ने आपातकालीन सेवाओं को प्रतिबंधों से मुक्त रखा है। एंबुलेंस और अन्य जरूरी सेवाओं के निर्बाध आवागमन के लिए तीन ग्रीन कॉरिडोर बनाए जाएंगे। इनमें नमो घाट से कबीर चौरा और दीनदयाल अस्पताल, गोदौलिया से बीएचयू तथा पड़ाव से रामनगर जिला अस्पताल तक का मार्ग शामिल है।
यातायात पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का पालन करें। अपने वाहन केवल तय पार्किंग स्थलों पर खड़े करें और घाटों तक पहुंचने के लिए पैदल रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
















